मतदान के दिन सवैतनिक अवकाश अनिवार्य
मतदान दिवस पर कर्मचारियों को मिलेगा सवैतनिक अवकाश
सिरोही, 5 सितम्बर। जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर ने बताया कि नगरीय निकाय चुनाव के मतदान दिवस पर संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में स्थित औद्योगिक एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत सभी कामगारों को सवैतनिक अवकाश प्रदान किया जाएगा। इसमें आकस्मिक कामगार भी शामिल हैं। इसका उद्देश्य कर्मचारियों को अपने मताधिकार का स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से उपयोग करने का अवसर सुनिश्चित करना है।
जिले में नगरीय निकाय चुनाव के प्रथम चरण में 9 सितम्बर 2026 को नगर पालिका आबूरोड, मंडार एवं शिवगंज में मतदान होगा। वहीं द्वितीय चरण में 11 सितम्बर 2026 को नगर परिषद सिरोही तथा नगर पालिका पिंडवाड़ा एवं आबूपर्वत में मतदान कराया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 135(ख) तथा राजस्थान नगरपालिका अधिनियम, 2009 की धारा 28 के प्रावधान नगरीय निकाय चुनावों के संबंध में भी लागू होते हैं। इसके तहत ऐसे प्रत्येक पात्र कर्मचारी को मतदान दिवस पर सवैतनिक अवकाश दिया जाना आवश्यक है, जो संबंधित चुनाव में मतदान करने का हकदार है।
अवकाश के कारण मजदूरी में नहीं होगी कटौती
प्रावधानों के अनुसार मतदान के लिए अवकाश दिए जाने के कारण किसी कर्मचारी की मजदूरी में कोई कटौती या कमी नहीं की जा सकती। यदि किसी कर्मचारी को सामान्यतः उस दिन की मजदूरी नहीं मिलती हो, तब भी अवकाश नहीं दिए जाने की स्थिति में मिलने वाली मजदूरी के बराबर भुगतान किया जाना होगा।
यदि कोई नियोजक इन प्रावधानों का उल्लंघन करता है तो उसके विरुद्ध 500 रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। हालांकि, यह प्रावधान ऐसे निर्वाचक पर लागू नहीं होगा जिसकी अनुपस्थिति से संबंधित प्रतिष्ठान के कामकाज में कोई खतरा या सारवान हानि होने की संभावना हो।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित नियोजकों को निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई नियोजक मतदान दिवस पर कर्मचारी को मताधिकार का उपयोग करने के लिए सवैतनिक अवकाश प्रदान नहीं करता है, तो उसके संबंध में तथ्यात्मक विवरण संबंधित रिटर्निंग अधिकारी अथवा जिला निर्वाचन अधिकारी को उपलब्ध कराया जा सकता है, ताकि नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
संबंधित खबरें

हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत तिरंगा रैली का हुआ आयोजन
जिला प्रशासन के अधिकारियों कर्मचारियों सहित आमजन ने भी लिया भाग

प्रकोष्ठ प्रभारियों की बैठक आयोजित
पंचायत एवं निकाय चुनावों के संबंध में प्रकोष्ठ प्रभारियों की बैठक का आयोजन हुआ।

अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना का शुभारंभ
जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना का विमोचन एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम...

आगामी स्वाधीनता दिवस की तैयारियों के संबंध में जिला कलेक्टर ने की समीक्षा
150 वर्ष पूर्ण होने पर कार्यक्रमों की सेल्फी हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करने एवं अन्य को भी प्रेरित करने की बात कही।
कमेंट