नगरीय निकाय चुनावों की लोक सूचना जारी,
पहले दिन 17 नामांकन दाखिल
सिरोही, 27 अगस्त। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 का कार्यक्रम घोषित किए जाने के बाद गुरुवार को जिले के विभिन्न नगरीय निकायों के रिटर्निंग अधिकारियों ने लोक सूचना जारी कर दी। प्रदेश के 309 नगरीय निकायों में दो चरणों में चुनाव होंगे। इनमें 10 नगर निगम, 47 नगर परिषद और 252 नगरपालिकाएं शामिल हैं।
जिले में सदस्य पदों के लिए नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 1 सितंबर को होगी, जबकि अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 3 सितंबर है। अभ्यर्थी 3 सितंबर को अपराह्न 3 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। चुनाव चिन्हों का आवंटन 4 सितंबर को किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर ने बताया कि रक्षाबंधन और रविवार के अवकाश के दिन नामांकन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे। अन्य निर्धारित दिनों में प्रातः 10.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक संबंधित नगरीय निकाय के रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में नामांकन प्रस्तुत किए जा सकेंगे।
पहले दिन 17 नामांकन दाखिल
नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन गुरुवार को आबूरोड नगर पालिका में 7, माउंट आबू नगर पालिका में 1, शिवगंज नगर पालिका में 5 और सिरोही नगर परिषद में 4 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए गए। वहीं मंडार और पिंडवाड़ा में एक भी नामांकन प्राप्त नहीं हुआ।
9 और 11 सितंबर को होगा मतदान
सदस्य पदों के लिए मतदान दो चरणों में कराया जाएगा। प्रथम चरण में 9 सितंबर 2026 तथा द्वितीय चरण में 11 सितंबर 2026 को मतदान होगा। मतदान का समय प्रातः 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा। दोनों चरणों में हुए मतदान की मतगणना 14 सितंबर 2026 को की जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले में शिवगंज, आबूरोड और मंडार नगरीय निकायों में प्रथम चरण में 9 सितंबर को मतदान होगा। वहीं सिरोही, पिंडवाड़ा और माउंट आबू में द्वितीय चरण के तहत 11 सितंबर को मतदान कराया जाएगा।
संबंधित खबरें

हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत तिरंगा रैली का हुआ आयोजन
जिला प्रशासन के अधिकारियों कर्मचारियों सहित आमजन ने भी लिया भाग

प्रकोष्ठ प्रभारियों की बैठक आयोजित
पंचायत एवं निकाय चुनावों के संबंध में प्रकोष्ठ प्रभारियों की बैठक का आयोजन हुआ।

अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना का शुभारंभ
जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना का विमोचन एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम...

आगामी स्वाधीनता दिवस की तैयारियों के संबंध में जिला कलेक्टर ने की समीक्षा
150 वर्ष पूर्ण होने पर कार्यक्रमों की सेल्फी हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करने एवं अन्य को भी प्रेरित करने की बात कही।
कमेंट