श्री सारणेश्वर जी मेले में 'वित्तीय साक्षरता शिविर' का हुआ भव्य आयोजन
शिविर में विभिन्न बैंकों के वरिष्ठ अधिकारियों ने आमजन को योजनाओं की जानकारी दी।
सिरोही, 23 सितम्बर 2026।
सहायक महाप्रबंधक, लीड बैंक कार्यालय, जयपुर श्री रतन लाल मीणा के निर्देशन में 'एक मेला - वित्तीय साक्षरता के नाम' विशेष अभियान के अंतर्गत सिरोही के प्रसिद्ध श्री सारणेश्वर जी मेले में लीड बैंक सिरोही द्वारा एक विशाल वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य मेले में आए ग्रामीणों, किसानों और युवाओं को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और सुरक्षित बैंकिंग के बारे में जागरूक करना था।शिविर में विभिन्न बैंकों के वरिष्ठ अधिकारियों ने आमजन को योजनाओं की जानकारी दी।
1. लीड बैंक सिरोही (सामाजिक सुरक्षा योजनाएं) - लीड बैंक अधिकारी श्री उम्मेद राम मीणा ने बताया कि हर गरीब व्यक्ति का बीमा होना जरूरी है। उन्होंने प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (436 रुपये में 2 लाख का बीमा), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (20 रुपये में 2 लाख का बीमा) और अटल पेंशन योजना के लाभ और खाता खोलने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से समझाया।
2. लीड बैंक की डिजिटल पहल - श्री मीणा ने आगे बताया कि लीड बैंक द्वारा जिले में डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने लोगों से UPI, QR कोड और भीम एप का उपयोग करने की अपील की और कहा कि कैशलेस लेन-देन से समय की बचत होती है और पैसा भी सुरक्षित रहता है। किसी भी अनजान व्यक्ति से अपना पिन और पासवर्ड साझा न करें।
3. नाबार्ड की योजनाएं - डीडीएम नाबार्ड श्री गौतम थोरी ने किसानों के लिए नाबार्ड द्वारा चलाई जा रही एफपीओ, वाटरशेड और कृषि बुनियादी ढांचे से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी।
4. सहकारी बैंक का योगदान - दी सिरोही सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के निदेशक श्री पुनाराम सोयल ने बताया कि सहकारी बैंक द्वारा किसानों को कम ब्याज पर फसली ऋण और दीर्घकालीन कृषि ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
5. ग्रामीण बैंक की जानकारी - राजस्थान ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री गौरव मोहे ने किसान क्रेडिट कार्ड, मुद्रा ऋण योजना और स्वयं सहायता समूहों को मिलने वाले ऋण के बारे में विस्तार से बताया।
6. आरसेटी प्रशिक्षण - आरसेटी निदेशक श्री सवाराम मीणा ने युवाओं को स्वरोजगार के लिए आरसेटी द्वारा दिए जा रहे ब्यूटी पार्लर, कंप्यूटर, सिलाई जैसे निःशुल्क प्रशिक्षणों के बारे में बताया।
7. असली-नकली नोट की पहचान - भारतीय स्टेट बैंक, सुभाष पार्क शाखा के मुख्य प्रबंधक श्री राजेंद्र सिंह मीणा ने लोगों को नोटों में मौजूद सुरक्षा धागा और वाटरमार्क से असली-नकली नोट की पहचान करना सिखाया।
8. साइबर सुरक्षा पर जोर - एफएलसी श्री राजेन्द्र सिंह राठौड़ एवं सीएफएल सुषमा ने साइबर ठगी से बचने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि बैंक कभी भी फोन पर ओटीपी नहीं मांगता, इसलिए किसी भी झांसे में न आएं।
शिविर में लीड बैंक से भरत राठोड , राजस्थान ग्रामीण बैंक से जितेंद्र सिंह ,प्रहलाद सिंह, आरसेटी से भवर मेघवाल,पपियाराम,दिनेश प्रजापत,हितेश खत्री और इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान और महिलाएं उपस्थित रहीं।
संबंधित खबरें

हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत तिरंगा रैली का हुआ आयोजन
जिला प्रशासन के अधिकारियों कर्मचारियों सहित आमजन ने भी लिया भाग

प्रकोष्ठ प्रभारियों की बैठक आयोजित
पंचायत एवं निकाय चुनावों के संबंध में प्रकोष्ठ प्रभारियों की बैठक का आयोजन हुआ।

अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना का शुभारंभ
जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना का विमोचन एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम...

आगामी स्वाधीनता दिवस की तैयारियों के संबंध में जिला कलेक्टर ने की समीक्षा
150 वर्ष पूर्ण होने पर कार्यक्रमों की सेल्फी हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करने एवं अन्य को भी प्रेरित करने की बात कही।
कमेंट